नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।शहर के स्पेन्टा पेट्रोल पंप के समीप नवनिर्मित आदिनाथ जिनालय मंदिर में आयोजित होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार 17 अप्रैल को कुंभ स्थापना, दीपक स्थापना एवं ज्वारारोपण के साथ विधि-विधानपूर्वक हुआ। श्री आदिनाथ जिनालय एवं जिन कुशल सूरी खरतरगच्छ ट्रस्ट, नीमच के तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव 17 से 25 अप्रैल तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें 24 अप्रैल को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी।दादावाड़ी ट्रस्ट के सहयोग एवं गच्छाधिपति आचार्य भगवंत जिन मणि प्रभ सूरीश्वरजी महाराज के निर्देशन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजन प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर परम पूज्य विद्युत प्रभा श्रीजी सहित 20-25 साधु-साध्वी भगवंतों का नीमच आगमन प्रस्तावित है, जिनके सानिध्य में पूरे आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त होगी।महोत्सव के अंतर्गत 18 अप्रैल को स्नात्र पूजा, भैरव पूजा, क्षेत्रपाल पूजन, 64 योगिनी पूजन, पंच परमेश्वर पूजा एवं अन्य अनुष्ठान संपन्न होंगे। 19 अप्रैल को गच्छाधिपति गुरुदेव के सानिध्य में नवीन प्रतिमाओं का भव्य नगर प्रवेश एवं गुरु भगवंतों का मंगल प्रवेश होगा,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।20 अप्रैल को वर्षीतप तपस्वियों का वरघोड़ा निकाला जाएगा एवं सभा मंडप का उद्घाटन होगा। 21 अप्रैल को च्यवन कल्याणक विधान माता-पिता स्थापना, 14 स्वप्न दर्शन एवं महोत्सव के विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 अप्रैल को जन्म कल्याणक विधान, 56 दिक्कमारी महोत्सव एवं शाम को आदिनाथ भगवान एवं गुरुदेव वंदना कार्यक्रम होगा।
23 अप्रैल को दीक्षा कल्याणक वरघोड़ा एवं महावीर जिनालय विकास नगर की वार्षिक ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही रात्रि में अंजनशलाका महाविधान का आयोजन होगा। 24 अप्रैल को प्रातः शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव (मुख्य आयोजन) संपन्न होगा, जिसमें आदिनाथ भगवान सहित शंखेश्वर पाश्र्वनाथ, नाकोड़ा पार्श्वनाथ, महावीर स्वामी, गौतम स्वामी, पद्मावती माता, चक्रेश्वरी माता एवं नाकोड़ा भैरव की प्रतिमाओं की विधिवत स्थापना की जाएगी। साथ ही दादावाड़ी में चारों दादा गुरुदेवों की प्रतिमाएं भी विराजित की जाएंगी।नवनिर्मित जिनालय परिसर में सभा मंडप,गुरु मंदिर, आराधना भवन,प्रवचन कक्ष एवं कार्यालय कक्ष का भी निर्माण किया गया है। इस पुनीत कार्य में संघरवी गोवर्धनलाल बाफना,चंद्रराज कोटीफोडा, चंद्रप्रकाश छाजेड़,सुनील गोपावत एवं जयवंत कोटीफोड़ा का विशेष योगदान रहा है।शुक्रवार को जैन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जैन संत डॉ. विद्युत प्रभा जी महाराज साहब ने प्राण प्रतिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे आत्मशुद्धि एवं धर्म जागरण का पर्व बताया। इस दौरान महोत्सव संयोजक अनिल नागौरी, दादावाड़ी ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जैन, सचिन राजमल जैन, राहुल जैन सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस आयोजन में महाराष्ट्र पुणे जयपुर इंदौर सहित अन्य प्रदेशों से जैन समाज के लोग भी नीमच पहुच रहे है। ट्रस्ट मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने एवं जिन शासन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
आदिनाथ जिनालय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ,17 से 25 अप्रैल तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन,होगा जेन संतो का नीमच में आगमन







