नीमच।महेंद्र उपाध्याय। आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नीमच कैंट और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन,1 लाख 1 हजार रुपये नगद सहित लाखों रुपये का सट्टा हिसाब जब्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों को सट्टा, जुआ और आईपीएल के दौरान लगने वाले क्रिकेट सट्टे पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा और साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।13 अप्रैल 2026 को टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सतगुरु बेकरी के पीछे स्थित मैदान में कुछ लोग ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों—मनीष गुर्जर (24), निवासी हवाई पट्टी रोड, हिमांशु सुंगधी (27), निवासी जवाहर नगर और यश सांवरिया (21), निवासी अमर कॉलोनी बघाना—को मौके से गिरफ्तार कर लिया।जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी अपने मोबाइल फोन के जरिए LOTUS आईडी वेबसाइट्स के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य फरार साथियों के साथ मिलकर लोगों को ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराते थे और विभिन्न खेलों में पैसा लगाने का लालच देकर अवैध रूप से मुनाफा कमाते थे।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में नीमच कैंट थाना और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही है।







