Ads Slider

शिक्षकों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर नीमच में जोरदार प्रदर्शन,सीएम के नाम विधायक को सौंपा ज्ञापन,निकली विशाल रैली

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बुधवार को शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार को सौंपते हुए तीन प्रमुख मांगों—पात्रता परीक्षा से राहत, सेवा अवधि की गणना नियुक्ति तिथि से करने तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने—पर त्वरित निर्णय लेने की मांग की।जानकारी के अनुसार, शिक्षकों ने आधे दिन का अवकाश लेकर दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक अंबेडकर सर्कल के समीप स्थित नेहरू पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे और विभिन्न वक्ताओं ने अपनी समस्याएं रखते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। वक्ताओं ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्णय के बाद 25-30 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों पर पुनः पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का दबाव बनाना अनुचित है, क्योंकि अधिकांश शिक्षक पहले ही निर्धारित योग्यता एवं पात्रता के आधार पर सेवा में आए हैं।शिक्षकों ने यह भी मांग उठाई कि उनकी सेवा अवधि की गणना नियुक्ति दिनांक से की जाए।उनका कहना है कि वर्तमान में 20-22 वर्षों की सेवा के बावजूद गणना बाद की तिथि से की जा रही है, जो न्यायसंगत नहीं है और इससे उनके सेवा लाभ प्रभावित हो रहे हैं।इसके अलावा, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। शिक्षकों ने कहा कि वर्तमान में लागू राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) बाजार आधारित है, जिससे भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पाती। ऐसे में सरकार को पुरानी पेंशन योजना लागू कर शिक्षकों को सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षित जीवन प्रदान करना चाहिए।धरना प्रदर्शन के पश्चात शिक्षक रैली के रूप में विधायक निवास पहुंचे, जहां विधायक दिलीप सिंह परिहार को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आगामी 18 अप्रैल को भोपाल में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन भी प्रस्तावित है जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है।

Share This Article