नीमच। महेंद्र उपाध्याय।जिले के थाना बघाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोनियाना में एक 35 वर्षीय व्यक्ति द्वारा अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। समय पर मिली पुलिस सहायता के चलते उसकी जान बचाई जा सकी। घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को दिनांक 04 अप्रैल 2026 को दोपहर 12:35 बजे प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा थाना बघाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डायल-112 टीम में शामिल आरक्षक कैलाश मालवीय एवं पायलेट अर्जुन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति अवसाद की स्थिति में था और उसने आत्महत्या के उद्देश्य से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था।डायल-112 के जवानों ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को एफआरव्ही वाहन के माध्यम से जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया,जहां उसे तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू किया गया,चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण उसकी स्थिति नियंत्रण में है और उसका इलाज जारी है।इस पूरी घटना में डायल-112 टीम की सक्रियता और संवेदनशीलता सराहनीय रही, जिसके चलते एक व्यक्ति को समय रहते चिकित्सा सुविधा मिल सकी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर सूचना दें,ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।







