नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जवासा चौराहे पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक किसान अचानक गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरनिया मानगिर निवासी 45 वर्षीय देवीलाल पिता हीरालाल नायक जवासा चौराहे पर सुखले के बोरे खरीदने आए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक घबराहट महसूस होने लगी। तबीयत बिगड़ती देख वे पास ही स्थित एक निजी क्लिनिक की ओर पहुंचे, लेकिन क्लिनिक के बाहर ही उनके सीने में तेज दर्द उठा और वे अचानक बेसुध होकर गिर पड़े।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पास स्थित जवासा पुलिस चौकी के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।जवासा चौकी प्रभारी असलम पठान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला साइलेंट हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी।







