Ads Slider

सांदीपनि विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का हुआ भव्य शुभारंभ,बच्चो ओर अभिभावको के किया सम्मान

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।सांदीपनि विद्यालय नीमच में बुधवार 1 अप्रैल को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण के बीच किया गया।कार्यक्रम पूर्व सांसद एवं भाजपा जिला प्रभारी सुभाष पटेल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य के. एस.जैन ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों,अभिभावकों और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।उन्होंने नवीन शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन,नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।इस अवसर पर विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर,माला पहनाकर तथा पुस्तकें भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों के चेहरे पर नई शुरुआत की खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम के दौरान भोपाल से मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने बड़े ध्यान और उत्साह के साथ देखा।प्रवेश उत्सव के अंतर्गत विद्यालय में 30 नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया, जबकि लगभग 300 विद्यार्थी इस आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम में उप प्राचार्य महेश शर्मा, प्राथमिक प्रधानाध्यापिका मंजुला धीर,विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन सोनम शर्मा द्वारा किया गया। अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए सत्र में पूरी लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

Share This Article