रतलाम।महेन्द्र उपाध्याय। यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंडल से होकर गुजरने वाली 09 जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था की गई है। इस निर्णय से यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलने के साथ ही सफर अधिक सुगम और आरामदायक होगा।पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा बताया गया कि अप्रैल माह के दौरान विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इससे विशेष रूप से गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।जानकारी के अनुसार,गाड़ी संख्या 20473 दिल्ली सराय रोहिल्ला-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस में 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा 20474 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस में 02 अप्रैल से 01 मई 2026 तक स्लीपर श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।इसी प्रकार, 09621 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल में 05 अप्रैल से 12 अप्रैल तक तथा 09622 बांद्रा टर्मिनस-अजमेर स्पेशल में 06 अप्रैल से 13 अप्रैल तक स्लीपर श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।गाड़ी संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस में 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा 14802 इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस में 04 अप्रैल से 03 मई तक दो स्लीपर एवं तीन सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। वहीं, 12465 इंदौर-भगत की कोठी एक्सप्रेस और 12466 भगत की कोठी-इंदौर एक्सप्रेस में भी समान रूप से दो स्लीपर और तीन सामान्य श्रेणी के कोच बढ़ाए जाएंगे।इसके अलावा,09653 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल और 09654 बांद्रा टर्मिनस-अजमेर स्पेशल में भी स्लीपर श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच निर्धारित अवधि में जोड़ा जाएगा। 09627 अजमेर-सोलापुर स्पेशल तथा 09628 सोलापुर-अजमेर स्पेशल में भी अप्रैल माह के दौरान एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।बीकानेर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (04711/04712) और बीकानेर-साई नगर शिरडी स्पेशल (04715/04716) ट्रेनों में एक स्लीपर एवं एक थर्ड एसी कोच की अतिरिक्त सुविधा दी जाएगी। वहीं, 04717 हिसार-तिरुपति स्पेशल और 04718 तिरुपति-हिसार स्पेशल में थर्ड एसी का एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।रेलवे प्रशासन का मानना है कि यह अस्थायी व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है और इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। गर्मी के मौसम में छुट्टियों और धार्मिक यात्राओं के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में यह कदम यात्रियों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति और कोच संरचना की जानकारी अवश्य प्राप्त करें,ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







