नीमच। महेंद्र उपाध्याय। शहर के बघाना स्थित द्वारकापुरी कॉलोनी में रहने वाली एक विवाहिता द्वारा ससुराल पक्ष पर गंभीर प्रताड़ना, मारपीट और संपत्ति हड़पने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर पीड़िता किरण के परिजन व उसके पति टीकम यादव ने पुलिस अधीक्षक के नाम केंट थाने के टीआई को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि किरण का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व टीकम यादव के साथ पारिवारिक सहमति से हुआ था। विवाह के बाद से ही सास शांति बाई तथा जेठ हेमंत यादव और रोहित यादव द्वारा उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसके विवाह में मिले गहनों को बिना अनुमति बेच दिया और घर का कीमती सामान भी हड़प लिया।किरण और उसके पति द्वारा विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती रही। हाल ही में सास द्वारा किरण को घर से निकाल दिया गया और घर का अधिकांश सामान बेच दिया गया। इस दौरान जब पीड़िता अपने बीमार पति की देखभाल के लिए जिला अस्पताल में थी, तब आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर शेष सामान भी बेच दिया और घर को अस्त-व्यस्त कर दिया।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि उसकी सास तांत्रिक क्रियाएं कर डराने-धमकाने का प्रयास करती है, जिससे वह और उसका पति भयभीत रहते हैं।27 मार्च को घर पहुंचने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर अश्लील गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी।घटना से आहत होकर पीड़िता ने आत्महत्या का प्रयास किया और वर्तमान में अस्पताल में उपचाररत है। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर पीड़िता और उसके पति को न्याय दिलाया जाए।







