Ads Slider

फर्राटेदार सायलेंसर वालों पर नीमच यातायात पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 150 सायलेंसर बुलडोजर से नष्ट

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।यातायात पुलिस ने शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले फर्राटेदार सायलेंसर के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत बुलेट मोटरसाइकिलों पर लगे तेज आवाज करने वाले करीब 150 सायलेंसर जब्त किए गए। शनिवार को इन सायलेंसरों को पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बुलडोजर चलवाकर नष्ट किया गया।अभियान की जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि लगातार लोगों की शिकायतें मिल रही थीं कि शहर में कुछ युवक बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज करने वाले सायलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं। इस कारण आमजन, विशेषकर विद्यार्थी, बुजुर्ग और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी संख्या में फर्राटेदार सायलेंसर जब्त किए।उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सभी सायलेंसरों को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से कुचलकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई इस संदेश के साथ की गई कि अब नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एडिशनल एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और शांति में बाधा डालने वाली हर गतिविधि पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि इस अभियान के दौरान न केवल सायलेंसर बल्कि प्रेशर हार्न, सर्चिंग लाइट और काली फिल्म का उपयोग करने वाले वाहनों पर भी निगरानी रखी जा रही है। नियम विरुद्ध कार्य करने वालों पर वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध फेरबदल कर ध्वनि प्रदूषण न फैलाएं। फर्राटेदार सायलेंसर, प्रेशर हार्न, काली फिल्म और तेज रौशनी वाली लाइट लगाने पर सख्त प्रतिबंध है। यदि कोई इसका उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना व वाहन जप्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी।नीमच यातायात पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर में अनुशासन कायम होने की उम्मीद है। साथ ही यह संदेश भी गया है कि कानून तोड़ने वालों पर अब शिकंजा और कसा जाएगा।

Share This Article