नीमच। महेंद्र उपाध्याय। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 का आयोजन पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 नीमच में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव थोरेचा, स्पोर्ट्स ऑफिसर,शासकीय पीजी कॉलेज नीमच रहे।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत एवं मेजर ध्यान चंद की तस्वीर पर माल्यार्पण से हुई। विद्यार्थियों तनीषा, तेजस एवं चंचल ने मेजर ध्यान चंद के जीवन और उपलब्धियों पर प्रेरणादायी भाषण दिए। इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल आधारित सामूहिक नृत्य एवं योग की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।कार्यवाहक प्राचार्य एवं वरिष्ठ शिक्षक हेमल्टन मसीह ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। खेल विभागाध्यक्ष एवं खेल शिक्षक अनिल यादव ने स्वास्थ्य, खेल और योग के महत्व की जानकारी दी। मुख्य अतिथि संजीव थोरेचा ने विद्यार्थियों से अपनी खेल प्रतिभा पहचानकर किसी एक खेल में नियमित रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।इसके बाद अनिल यादव एवं स्पोर्ट्स कोच अवधेश प्रजापति के निर्देशन में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर दमखम दिखाया। विजेता टीमों को मुख्य अतिथि ने मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम का संचालन गोपाल दास बैरागी ने किया। अंत में देवेन्द्र कुमार सोलंकी ने आभार व्यक्त किया। आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना,अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।