नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।शुक्रवार को ‘मैदान बचाओ समिति’ के सदस्यों ने जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा से मुलाकात कर मैदान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान समिति ने कलेक्टर को हाल ही में विधायक दिलीप सिंह परिहार और स्वाति चोपड़ा से हुई सकारात्मक चर्चा व मुलाकात की जानकारी भी दी।​वार्ता के दौरान कलेक्टर ने समिति के पक्ष, मांगों और चिंताओं को बेहद ध्यानपूर्वक और सकारात्मक रूप से सुना। बैठक में सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि संबंधित विषय के समाधान के लिए विभिन्न वैकल्पिक भूमियों पर विचार किया जाएगा।
*शनिवार को प्रतीकात्मक प्रदर्शन फोर जीरो पर*
इस बीच समिति सदस्यों ने मीडिया से चर्चा में बताया कि चरणबद्ध प्रदर्शन चालू रहेगा। इसी तारतम्य में शनिवार 1 अगस्त को प्रातः 9.00 बजे मैदान बचाने की मांग को लेकर स्थानीय भारत माता चौराहा पर क्रिकेट, फुटबॉल खेल कर प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शन किया जायेगा।  ​जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने समिति द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक और सकारात्मक निर्णय लेने का स्पष्ट आश्वासन दिया है। प्रशासन और समिति के बीच हुई इस महत्वपूर्ण वार्ता के बाद अब मामले में जल्द ही किसी व्यावहारिक समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।​जिला कलेक्टर से मुलाकात करने पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में कपिल सिंह चौहान,जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्याम गुर्जर, नवीन अग्रवाल, कीर्ति पंचोली,मुर्तजा डेरकी और मोहित रामरख्यानी प्रमुख रूप से शामिल थे।