नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के लायंस पार्क चौराहे स्थित रतन स्वीट्स पर शुक्रवार रात हुई संयुक्त प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शनिवार को प्रशासन ने गोदाम की दोबारा जांच की। जांच में किसी प्रकार की एक्सपायरी या अमानक खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर प्रशासन ने गोदाम की सील खोलकर उसे संचालक की सुपुर्दगी में सौंप दिया।गौरतलब है कि शुक्रवार रात जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने रतन स्वीट्स पर छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 73 प्रकार की एक्सपायरी और अमानक खाद्य सामग्री जब्त की थी। इसके बाद दुकान एवं गोदाम दोनों को सील कर दिया गया था। प्रारंभिक जांच के दौरान गोदाम में कोई अतिरिक्त वेस्ट या अमानक सामग्री नहीं मिली थी।शनिवार शाम एसडीएम संजीव साहू के निर्देश पर नायब तहसीलदार संजय मालवी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी राजू सोलंकी तथा यशवंत शर्मा वार्ड क्रमांक 34 स्थित गुरुद्वारे के पीछे बंगला नंबर 40 में बने गोदाम पहुंचे। अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर संचालक की मौजूदगी में गोदाम का निरीक्षण किया।जांच में किसी प्रकार की एक्सपायरी अथवा अमानक खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर प्रशासन ने गोदाम की सील खोल दी। खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी ने सागर मंथन को बताया कि दुकान से एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने के मामले में जब्त सामग्री के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा रतन स्वीट्स का लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है।वहीं नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने सागर मंथन को बताया कि गोदाम में पुराना कबाड़ एवं वेस्ट सामग्री रखी हुई थी, जिससे आगजनी जैसी घटना होने की आशंका बनी हुई थी। संचालक को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द पुराने कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री का निस्तारण करे।







