Ads Slider

भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने नीमच में विशेष प्रशिक्षण शुरू,अधिकारी-कर्मचारी,होमगार्ड ओर एनसीसी केडेडस ने लिया हिस्सा

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नीमच द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भूकंप पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन विषय पर पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन संस्थान के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के दौरान त्वरित राहत,बचाव और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है, ताकि आपदा की स्थिति में जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके।कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आयुष भवन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस,होमगार्ड, राजस्व,पंचायत, स्वास्थ्य विभाग तथा नगर पालिका एनसीसी केडेडस सहित विभिन्न विभागों के लगभग 100 अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भूकंप,बाढ़,आगजनी और अन्य आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तकनीकी, व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की जा रही है।विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति,संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन,प्राथमिक उपचार, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा आपदा के समय समन्वय स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को आपदा के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा जोखिम को कम करने के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर एडीएम बी.एस.कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर सी.एस.धार्वे एवं होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने संबोधित किया।अधिकारियों ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय प्रशिक्षित, सतर्क और जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि समय रहते उचित तैयारी और बेहतर समन्वय से किसी भी आपदा के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Share This Article