नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मनासा तहसील के ग्राम खजूरी की एक महिला ने गांव के ही आठ लोगों पर दुष्कर्म के प्रयास,मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता के अनुसार घटना 16 मई की सुबह की है। महिला ने बताया कि वह गांव में स्थित शौचालय और कुएं पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पानी भरने के बर्तन तोड़ दिए गए। साथ ही पानी भरने का सामान भी फेंक दिया गया।महिला ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने दुष्कर्म का प्रयास भी किया और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब उसका पति मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके पति की जेब में रखे प्रधानमंत्री आवास योजना के 30 हजार रुपये भी छीन लिए।महिला का कहना है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंची,लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज करते समय घटनाक्रम के तथ्यों में बदलाव कर दिया गया। महिला के मुताबिक 30 हजार रुपये की लूट को रिपोर्ट में मात्र 3 हजार रुपये बताया गया और पूरे मामले को सामान्य विवाद के रूप में दर्ज किया गया।पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास से मामले की निष्पक्ष जांच कराने,आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की भी मांग की गई है।फिलहाल मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच किए जाने की बात कही जा रही है।







