नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर नगरपालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में नगर पालिका एवं प्रशासनिक अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार शहर के नालों के अंदर एवं गुमटी धारकों द्वारा बाहर तक किए गए अवैध निर्माण और कब्जों को हटाने के लिए नगर पालिका की टीम दलबल के साथ बस स्टैंड क्षेत्र पहुंची। यहां नाले पर निर्माण कार्य के दौरान बाधा बन रहे करीब 4 से 5 गुमटी धारकों के अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।बताया जा रहा है कि शहर में अतिक्रमण को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के निराकरण के तहत प्रशासन द्वारा पहले भी कई बड़े अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। इसी क्रम में सोमवार को भी कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई से पहले नगर पालिका टीम ने अंबेडकर मार्ग पर जूस ठेला संचालकों द्वारा सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान कई ठेला संचालकों पर चालानी कार्रवाई भी की गई, वहीं कुछ दुकानदारों की कुर्सियां और अन्य सामान जब्त किए गए।सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि नालो के अंदर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही उन्हें मौखिक रूप से भी अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।उन्होंने कहा कि शहर में सार्वजनिक स्थानों और नालों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







