Ads Slider

राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका;दो कोच प्रभावित, सभी यात्री सुरक्षित

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

रतलाम।,महेन्द्र उपाध्याय। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12431 में रविवार सुबह भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते दो बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना कोटा रेल मंडल के लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के मध्य सुबह लगभग 5:15 बजे हुई।कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रतलाम कंट्रोल को सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से ट्रेन के बी-1 कोच में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन एवं टावर वैगन को तत्काल रवाना किया गया। रेलवे के तकनीकी और राहत दल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी प्रकार की कैजुअल्टी नहीं हुई है,हालांकि आग के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

Share This Article