Ads Slider

रतन स्वीट्स पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,एक्सपायरी सामग्री जब्त,दुकान सील

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुद्वारे चौराहे स्थित रतन स्वीट्स पर संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री,गंदगी एवं अमानक खाद्य पदार्थ पाए जाने पर प्रशासन ने सामग्री जब्त कर दुकान को सील कर दिया। वहीं प्रतिष्ठान पर कार्य कर रहे नाबालिग बच्चों को भी मुक्त कराया गया।कार्रवाई में राजस्व विभाग, नगरपालिका,खाद्य विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। निरीक्षण के दौरान दुकान परिसर और किचन क्षेत्र में भारी गंदगी पाई गई। कई खाद्य सामग्री एक्सपायरी मिली,जबकि कुछ सामान पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि तक अंकित नहीं थी। टीम ने मौके पर ही अखाद्य एवं खराब सामग्री को जब्त कर विनष्टीकरण की कार्रवाई शुरू की।एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार पूरे जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रतन स्वीट्स पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी के साथ एक्सपायरी एवं अखाद्य सामग्री पाई गई है, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। खाद्य विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।एसडीएम ने बताया कि दुकान में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग भी पाया गया,जिस पर संबंधित विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई कि जहां संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री मिले,उसकी सूचना प्रशासन को दें।
नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया ने बताया कि कलेक्टर के आदेशानुसार होटल,रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। रतन स्वीट्स में निर्माण क्षेत्र एवं किचन अत्यंत गंदगीयुक्त पाए गए, जिसके चलते खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद दुकान को सील किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article