Ads Slider

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष पर बरसीं दुर्गा पाटीदार,कहा—महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शनिवार को टाउन हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंदसौर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस एवं विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित होने से रोकने की कोशिश महिलाओं के अधिकारों पर सीधा आघात है और यह विपक्ष की नारी विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।पत्रकारों को संबोधित करते हुए दुर्गा पाटीदार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे संवेदनशील मुद्दों पर लगातार भ्रम फैलाकर महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं से जुड़े अधिकारों के विरोध से भरा पड़ा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है।उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि यह विधेयक देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। इससे महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और वे नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
543 लोकसभा सीटों पर 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्तमान जनसंख्या के आधार पर परिसीमन आवश्यक है। बिना परिसीमन के आरक्षण व्यवस्था को लागू करना व्यावहारिक नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस दिशा में चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है।दुर्गा पाटीदार ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कई ठोस योजनाएं चलाई जा रही हैं। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी पहलें इसका उदाहरण हैं, जिनसे महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।प्रेस वार्ता के दौरान विधायक दिलीप सिंह परिहार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अवंतिका जाट, मीना जायसवाल, रितु नागदा, ममता एवं निलेश पाटीदार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज माहेश्वरी ने किया।

Share This Article