नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। शहर के इंदिरा नगर क्षेत्र में रविवार को आस्था, भक्ति और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला, जब नव दुर्गा महिला मंडल गणपति नगर एवं त्रिमूर्ति नगर के संयुक्त तत्वावधान में 371 फीट लंबी भव्य चुनर यात्रा निकाली गई। यह आयोजन क्षेत्र में पहली बार इस स्वरूप में आयोजित किया गया, जिसने पूरे इलाके को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।चुनर यात्रा का शुभारंभ गणपति नगर स्थित शीतला माता मंदिर से विधि-विधान के साथ किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल हुए, जो जयकारों और भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा इंदिरा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां विधिवत आरती के साथ इसका समापन किया गया।इस धार्मिक आयोजन में सेवा भाव का भी उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। मॉर्निंग क्लब इंदिरा नगर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए फरियारी खिचड़ी (खिचड़ी प्रसाद) का वितरण किया गया। क्लब के सदस्यों ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। न केवल प्रसाद वितरण किया गया, बल्कि यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत भी किया गया।पूरे आयोजन के दौरान इंदिरा नगर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में सहभागिता और भक्ति भाव से की गई प्रस्तुति ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







