नीमच। महेंद्र उपाध्याय। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेशभर में उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर नीमच में भी भाजपा के नवीन जिला कार्यालय भवन का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया,जहाँ प्रदेश में अयोजियत कार्यक्रम का प्रसारण दिखाया गया।प्रदेश के 17 जिलों में एक साथ जिला कार्यालयों के निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया।नीमच में प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उनके करकमलों से भूमिपूजन सम्पन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित रामावतार शर्मा ने विधिवत भूमि पूजन कराया।कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन (सीए), मंदसौर संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, सांसद सुधीर गुप्ता, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं विधायक दिलीपसिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, जिला प्रभारी पूर्व सांसद सुभाष पटेल, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, पवन पाटीदार,स्वाति चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।यह नवीन भाजपा जिला कार्यालय नीमच शहर के मालवा के गांधी कहे जाने वाले डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डे मार्ग स्थित बंगला नंबर 60, पुरानी नगरपालिका परिसर में बनाया जाएगा। लगभग 20 हजार वर्गफीट भूमि पर बनने वाले इस भवन का निर्माण 11 हजार वर्गफीट क्षेत्र में किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 2 से 2.5 करोड़ रुपये होगी। भवन में अत्याधुनिक मीटिंग हॉल, बैठक कक्ष, लिफ्ट एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि इस भवन का निर्माण एक वर्ष में पूर्ण कर 6 अप्रैल 2027 तक उद्घाटन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।वहीं राजधानी भोपाल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने पार्टी ध्वज फहराया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भाजपा की विचारधारा को अटल और अमर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल लगातार मजबूत हुआ है।प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की विचारधारा सहभागिता और सिद्धांतों पर आधारित है, जिसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान नेताओं ने आगे बढ़ाया। उन्होंने लक्ष्य रखा कि आगामी स्थापना दिवस तक प्रदेश के सभी 62 जिलों में भाजपा के आधुनिक कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।नीमच में हुआ यह भूमिपूजन कार्यक्रम संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही जिले में भाजपा की मजबूती और आगामी योजनाओं का स्पष्ट संकेत भी दे गया।







