नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर इस वर्ष प्रदेशभर में विशेष उत्साह और भव्यता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संगठन को मजबूत आधार देने की दिशा में पार्टी द्वारा विभिन्न जिलों में आधुनिक जिला कार्यालयों के निर्माण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नीमच जिले में नए भाजपा जिला कार्यालय के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम 6 अप्रैल सोमवार को सुबह 10 बजे बंगला नंबर 60, पुरानी नगर पालिका परिसर में आयोजित किया जाएगा।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल करेंगे। साथ ही प्रभारी मंत्री निर्मला भुरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, अनिरुद्ध माधव मारू और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। हालांकि,इस आयोजन को लेकर एक राजनीतिक चर्चा भी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर जारी आमंत्रण पत्र में कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं,लेकिन भाजपा के पूर्व जिला अद्यक्ष एवं वर्तमान में पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार का नाम सूची में नहीं होने से स्थानीय राजनीति में हलचल देखी जा रही है।कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना है। पार्टी द्वारा आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे यह कार्यक्रम जिले का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजन बन गया है।प्रदेश स्तर पर भाजपा द्वारा 18 जिलों में एक साथ नए और आधुनिक जिला कार्यालयों का निर्माण प्रस्तावित है। स्थापना दिवस के मौके पर इन सभी जिलों में एक साथ भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।नए जिला कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, जिनका निर्माण लगभग 8 से 12 हजार वर्गफीट क्षेत्र में किया जाएगा। प्रत्येक भवन पर 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें मीटिंग हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, डिजिटल सिस्टम, कंप्यूटर कक्ष और कार्यकर्ताओं के बैठने की समुचित व्यवस्था रहेगी।
पार्टी ने इन कार्यालयों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि वर्ष 2027 तक इनका पूर्ण उपयोग शुरू किया जा सके।
स्थापना दिवस पर नीमच में भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल







