नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से जिले के सक्रिय नेता महेश वीरवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पूर्व में वे अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष पद पर थे। उनके सफल कार्यकाल, संगठन में ऊर्जा भरने की क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस संगठन ने उन्हें प्रदेश सचिव पद पर मनोनीत किया है। वीरवाल लंबे समय से कांग्रेस के समर्पित सिपाही के रूप में कार्य करते आए हैं। वे एक बार पार्षद भी रह चुके हैं और सदैव सामाजिक मुद्दों को बेखौफ रूप से उठाते रहे हैं।महेश वीरवाल ने हमेशा जनता की आवाज को मुखरता से उठाया है। प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष भी वे जनहित के विषयों पर बेझिझक अपनी बात रखते रहे हैं। कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा करना, संगठन को मजबूत बनाना और पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय रखना उनकी पहचान रही है। यही कारण है कि प्रदेश सचिव के रूप में उनके मनोनयन की खबर मिलते ही कांग्रेस संगठन में उत्साह का वातावरण बन गया।
सोमवार को गांधी भवन में कांग्रेसजनों ने महेश वीरवाल का साफा पहनाकर और पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक व सहकारी नेता नंदकिशोर पटेल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, शहर अध्यक्ष मोनू लोक्स, राकेश अहीर सहित कांग्रेस के पार्षद, महिला कांग्रेस की नेत्रियाँ और विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।सभी ने वीरवाल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रदेश संगठन के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने योग्य नेतृत्व को सम्मानित कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
कांग्रेस संगठन में महेश वीरवाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जिला अध्यक्ष से प्रदेश सचिव पद पर हुई नियुक्ति,कांग्रेस कार्यालय पर हुआ कार्यक्रम







