नीमच। महेंद्र उपाध्याय।मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सोमवार को गोमाबाई रोड स्थित रोटरी क्लब में सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अलीम शेख मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के महामंत्री अशरफ नगर व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।सागर मंथन सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अलीम शेख ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने सागर मंथन से कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के साथ लगातार भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। सरकारी विभागों से लेकर थानों तक अल्पसंख्यकों को झूठे मामलों में फंसाने और उत्पीड़न का शिकार बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी अन्यायपूर्ण कार्यवाहियों के खिलाफ कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा। इसके लिए लीगल टीम गठित की गई है, जो हर पीड़ित को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी।अलीम शेख ने सागर मंथन से कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह निरंकुश हो गई है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है, चाहे वह शिक्षा विभाग हो, कृषि हो या व्यापार। हर जगह जनता परेशान है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में छात्र, किसान और व्यापारी सभी ठगे जा रहे हैं। कांग्रेस का संकल्प है कि हर वर्ग को उसका अधिकार दिलाया जाए।
राहुल गांधी के अभियान “वोट चोर गद्दी छोड़” का जिक्र करते हुए शेख ने कहा कि इस अभियान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है। अब भाजपा वोट की चोरी नहीं कर पाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस राहुल गांधी और जीतू पटवारी के नेतृत्व में एकजुट है और लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस एक बड़ा घर है, जहां छोटी-मोटी नाराजगियां होती रहती हैं, लेकिन कोई मनमुटाव नहीं है। सभी नेता और कार्यकर्ता एक ही लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं।शेख ने बताया कि कांग्रेस का अल्पसंख्यक विभाग न केवल अल्पसंख्यकों, बल्कि समाज के हर पीड़ित वर्ग की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा की नाकामियों और भ्रष्टाचार को जनता के सामने लाना ही मुख्य उद्देश्य है।जिला स्तरीय इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष अलीम शेख के विचारों का समर्थन करते हुए कांग्रेस की एकजुटता और मजबूती का संदेश दिया।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष अलीम शेख ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप







