Ads Slider

बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: घर में घुसकर हमला,वीडियो वायरल,तीन घायल उपचार जारी

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श मोहल्ले में शुक्रवार को बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के करीब 10 से अधिक लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और जमकर मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए,जिनमें दो को गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आदर्श मोहल्ले में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह विवाद कुछ ही समय में बड़ों तक पहुंच गया और दोपहर होते-होते हिंसक रूप ले लिया। घायल शहजाद हुसैन,जो जिला अस्पताल में उपचाररत हैं, ने बताया कि वे अपने घर पर मौजूद थे, तभी अचानक मुगदाद पिता नूर मोहम्मद,मकसूद पिता नूर मोहम्मद,जुनेद पिता मुगदाद, मुख्तार पिता मकसूद, शकीर,रियाज सहित 8 से 10 लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए।आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी बातचीत के सीधे मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे माहौल और अधिक भयावह हो गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की और पत्थरबाजी भी की, जिससे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा।इस हमले में निजाम पिता सफी मोहम्मद (30 वर्ष) और सद्दाम पिता शफी मोहम्मद (33 वर्ष) को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं शहजाद पिता सफी मोहम्मद (38 वर्ष) को भी चोट आई है। सभी घायलों का इलाज जारी है घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हालांकि, जब दूसरे पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने पर जब कुछ मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। फिलहाल, इस पूरे मामले में जावद थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

Share This Article