Ads Slider

रियल हीरो बना पुलिस जवान: चक्कर खाकर गिरी युवती की बचाई जान, ड्यूटी पर तैनात कर्मी ने पेश की मानवता की मिसाल

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत फव्वारा चौक पर एक मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया है। जहां आमतौर पर लोग हादसों के समय मूकदर्शक बने रहते हैं, वहीं ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने रियल हीरो बनकर घायल युवती की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को फव्वारा चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां बस का इंतजार कर रही करीब 25 वर्षीय युवती अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ी। गिरते ही उसके सिर में गंभीर चोट लग गई और तेज रक्तस्राव शुरू हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति घायल युवती की मदद के लिए आगे नहीं आया।इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी जसवीर सिंह जाट की नजर घटना पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवती को अपनी जिम्मेदारी पर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कराकर उसका प्राथमिक उपचार करवाया गया,जिससे समय रहते उसकी हालत को नियंत्रित किया जा सका।जिला चिकित्सालय से मिली जानकारी के अनुसार घायल युवती का नाम अलका पिता श्यामलाल शर्मा उम्र 25 निवासी सावन बताया जा रहा है। वह किसी निजी कार्य से नीमच आई थी और फव्वारा चौक पर बस का इंतजार कर रही थी, तभी अचानक चक्कर आने से गिरकर घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता की मिसाल भी पेश करती है। जसवीर सिंह जाट की तत्परता और संवेदनशीलता ने पुलिस की छवि को आमजन के बीच और अधिक सकारात्मक बनाया है। ऐसे रियल हीरो पुलिसकर्मी समाज के लिए प्रेरणा हैं, जिनकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।

Share This Article