नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शिक्षा विभाग नीमच द्वारा शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 में तीन दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। मेले का उद्घाटन कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्विन वैष्णव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में पालक मौजूद रहे।इस पुस्तक मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों और पालकों को एक ही स्थान पर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री सुलभ और रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है। मेले में कुल 15 दुकानदारों द्वारा विभिन्न शालाओं में प्रचलित सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। खास बात यह है कि निजी प्रकाशकों की पुस्तकों पर लगभग 20 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, वहीं कॉपियां, रजिस्टर और अन्य स्टेशनरी सामग्री पर 50 प्रतिशत तक का आकर्षक डिस्काउंट दिया जा रहा है।मेले के पहले ही दिन पालकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रचार्य ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिवस लगभग 300 से अधिक पालक मेले में पहुंचे और उन्होंने अपने बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री रियायती दरों पर खरीदी। इससे न केवल आर्थिक राहत मिल रही है,बल्कि समय की भी बचत हो रही है।जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगारिया ने पालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होते हैं।यह पुस्तक मेला 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। आगामी दिनों में और अधिक संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। शिक्षा विभाग का यह प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों और पालकों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है







