नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के महू रोड पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक वर्कशॉप के बाहर खड़ी कार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना दोपहर करीब 12 बजे पाटीदार मारुति वर्कशॉप के बाहर की है,जहां खड़ी एक ऑल्टो कार से पहले धुआं निकला और फिर अचानक आग भड़क गई।आग लगते ही वर्कशॉप के कर्मचारियों और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्र और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और सूझबूझ के चलते कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर कार में आग लगी,सागर मंथन उसके पास ही अन्य वाहन भी खड़े थे और नजदीक में हुंडई कार का शोरूम भी मौजूद है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता,तो आसपास खड़े अन्य वाहनों तक आग फैल सकती थी,जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ होगा है।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। समय रहते लोगों द्वारा दिखाई गई सजगता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।







