Ads Slider

नाबालिग से छेड़छाड़ पर भड़का पड़दा गांव, उग्र भीड़ का पुलिस पर पथराव—लाठीचार्ज व आंसू गैस के हालात,आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग,आगजनी व तोड़फोड़;भारी पुलिस बल तैनात,

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले ने गुरुवार को अचानक उग्र रूप ले लिया। आरोपी के घर पर तत्काल बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और स्थिति पुलिस-प्रशासन के नियंत्रण से बाहर होती नजर आई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।जानकारी के अनुसार गांव के 55 वर्षीय पंचर दुकान संचालक अब्दुल रहमान पर 13 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का आरोप है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मुख्य मांग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके कथित अवैध मकान को ध्वस्त करने की थी।तनाव को देखते हुए प्रशासन ने आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा किया और मौके पर जेसीबी मशीन भी पहुंचाई गई। इसके बावजूद भीड़ शांत नहीं हुई और कुछ उग्र लोग आरोपी के घर में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे।पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की,तो उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया।स्थिति गंभीर होते देख पुलिस ने पहले हल्का लाठीचार्ज किया, लेकिन भीड़ के बेकाबू होने पर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घटना हनुमान जन्मोत्सव से पूर्व आयोजित सुंदरकांड पाठ के दौरान हुई, जब बालिका अंधेरे में बाहर गई थी और आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ छेड़छाड़ की।घटना के बाद कुछ लोगों ने आरोपी के घर में आगजनी भी कर दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए मनासा, रामपुरा, कुकड़ेश्वर सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। दोपहर करीब तीन बजे स्थिति पर काबू पा लिया गया और गांव में शांति बहाल हुई।एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कानून हाथ में लिया और पथराव किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है तथा उनकी मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। मामले की जांच जारी है।तनाव को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। वहीं मनासा-कंजार्डा मार्ग भी कुछ समय तक बंद रहा, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Share This Article