नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय सहित सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।जिले में निकलने वाले जुलूसों और मंदिरों में पूजा-अर्चना को ध्यान में रखते हुए आयोजित कानून व्यवस्था बैठक में सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालने तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।हनुमान जन्मोत्सव के साथ ही कर्नाटक राज्य के राज्यपाल के नीमच आगमन को देखते हुए पुलिस सतर्कता और बढ़ा दी गई है। एसपी अंकित जायसवाल ने सभी अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने, किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने तथा छोटी-से-छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए स्थिति को संभालने के निर्देश दिए हैं। पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के लिए भी कहा गया है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला और आमजन से हनुमान जन्मोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, थाना प्रभारी नीमच केंट सौरभ शर्मा, थाना प्रभारी नीमच सिटी पुष्पा सिंह चौहान, थाना प्रभारी बघाना आर.एस. डांगी, थाना प्रभारी अजाक शब्बी मेव, निरीक्षक शिव रघुवंशी, विजय सागरिया और विरेंद्र झा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं और लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की गई। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च के साथ ही जुलूस और पूजा-अर्चना के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।नीमच पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या विवादित पोस्ट साझा न करें और अफवाहों से बचें। किसी भी संदिग्ध या अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कंट्रोल रूम को देने का आग्रह किया गया है।







