नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। जिले में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को मजबूती देते हुए एक और बड़ा निवेश सामने आया है। नेवड़ क्षेत्र में नीमच प्रोटीन्स (मल्टीवर्स बायोफ्यूल समूह) को लगभग 1.65 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है, जहां कंपनी खाद्य तेल और सोया प्रोटीन आधारित उत्पादन इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 365 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 222 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।यह परियोजना जिले की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि फूड प्रोसेसिंग उद्योग सीधे किसानों और स्थानीय व्यापार से जुड़ा होता है। प्रस्तावित इकाई में सोयाबीन जैसे कृषि उत्पादों से खाद्य तेल और प्रोटीन तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए नजदीक में ही बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। इससे किसानों को उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी और उनकी आय में भी सुधार होगा।प्रत्यक्ष रोजगार के अलावा इस प्रोजेक्ट से परिवहन, पैकेजिंग, लघु उद्योग और सेवा क्षेत्र में भी नए अवसर उत्पन्न होंगे। फैक्ट्री के संचालन से जुड़े विभिन्न कार्यों के कारण क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और स्थानीय लोगों को घर के पास ही काम मिलने लगेगा। इससे आसपास के इलाकों में भी विकास को गति मिलेगी।प्रदेश सरकार की नीति के तहत छोटे जिलों में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। फूड प्रोसेसिंग सेक्टर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, क्योंकि यह खेती और उद्योग के बीच सीधा संबंध स्थापित करता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बल मिल सके।एमपीआईडीसी उज्जैन के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि नीमच में हो रहा यह निवेश किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, रोजगार बढ़ाने और जिले की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में इस तरह की परियोजनाओं से नीमच जैसे जिलों में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।







