नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।महावीर जयंती के पावन अवसर पर जारी प्रतिबंध के बावजूद शहर में मीट, मटन, नॉनवेज और अंडों की दुकानें संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना पर नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।सागर मंथन मंगलवार रात नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर दरोगा राहुल नरवले और हेमंत कलोशिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मूलचंद मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान कुल 12 दुकानों पर चलानी कार्रवाई की गई। सभी दुकानदारों के खिलाफ 500-500 रुपये के चालान काटे गए।नगर पालिका अधिकारी हेमंत कलोशिया ने सागर मंथन को बताया कि महावीर जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि इस दिन शहर में मांस, मटन, मछली, अंडा एवं अन्य नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। यह आदेश धार्मिक भावनाओं के सम्मान और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया जाता है।उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन और जिला प्रशासन समय-समय पर ऐसे पर्वों पर खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए दिशा-निर्देश जारी करता है, जिनका पालन करना अनिवार्य होता है। आदेशों के अनुसार प्रतिबंधित दिवस पर नॉनवेज की दुकानें बंद रखना, सार्वजनिक स्थानों पर बिक्री नहीं करना और स्वच्छता नियमों का पालन करना आवश्यक है।इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा नियमों की अनदेखी कर दुकानें संचालित की जा रही थीं,जिस पर नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालान बनाए।प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







