रतलाम।महेन्द्र उपाध्याय। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए तीन जोड़ी विशेष ग्रीष्मकालीन ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया गया है। ये ट्रेनें विशेष किराये पर बांद्रा टर्मिनस–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बांद्रा टर्मिनस–सूबेदारगंज तथा उधना–आगरा कैंट के बीच चलाई जाएंगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, ट्रेन संख्या 02200/02199 बांद्रा टर्मिनस–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान कर दाहोद, रतलाम, नागदा, उज्जैन और मकसी होते हुए अगले दिन झांसी पहुंचेगी। यह सेवा 4 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को झांसी से चलकर उन्हीं स्टेशनों से होते हुए बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, वापी, सूरत,वडोदरा,गोधरा, दाहोद,रतलाम,नागदा, उज्जैन,मकसी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इसमें एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, एसी 3-टियर इकोनॉमी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।दूसरी ट्रेन संख्या 04126/04125 बांद्रा टर्मिनस–सूबेदारगंज सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल है, जो 7 अप्रैल से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर रतलाम होते हुए अगले दिन सूबेदारगंज पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को सूबेदारगंज से प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, वापी,सूरत,वडोदरा, रतलाम,कोटा,सवाई माधोपुर,गंगापुर सिटी, बयाना,फतेहपुर सीकरी, आगरा ईदगाह सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इसमें एसी 3-टियर, एसी 3-टियर इकोनॉमी, स्लीपर एवं जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।तीसरी ट्रेन संख्या 01908/01907 उधना–आगरा कैंट साप्ताहिक स्पेशल है, जो 8 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 तक प्रत्येक बुधवार को उधना से रवाना होकर रतलाम होते हुए अगले दिन आगरा कैंट पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन मंगलवार को आगरा कैंट से चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना एवं फतेहपुर सीकरी जैसे स्टेशनों पर रहेगा। इसमें एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध होगी।रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव एवं कोच संरचना की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या रेल ऐप के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।







