नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कैंट थाना क्षेत्र के कनावटी स्थित मेडिकल कॉलेज के समीप निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज भवन में कार्यरत एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सलमान पिता जाकिर आलम (उम्र 18 वर्ष), निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो यहां मजदूरी का काम करने आया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार सलमान नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य में लेंटर व सरिए बांधने का काम करता था और पास ही किराए के कमरे में रह रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे वह अपने कमरे पर गया था। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उसने फांसी लगा ली। कुछ समय बाद उसके अंकल ने एक व्यक्ति को पानी लेने के लिए कमरे पर भेजा। जब वह वहां पहुंचा तो सलमान फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।पुलिस ने शनिवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







