नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। मंगलवार शाम जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ ने पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों को हवा दे दी। कई स्थानों पर लंबी कतारें देखी गईं, जिसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। हालांकि प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इन अफवाहों को पूरी तरह निराधार बताया है।कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अचानक भीड़ बढ़ने का कारण केवल अफवाहें हैं, वास्तविकता में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सुचारू है।कलेक्टर के अनुसार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल कंपनियों के अधिकारियों से चर्चा में यह स्पष्ट हुआ है कि जिले में लगातार पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में भी सभी पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आगे भी इसकी नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। ऐसे में नागरिकों से संयम बनाए रखने और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लेने की अपील की गई है, ताकि अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति से बचा जा सके।







