नीमच। महेंद्र उपाध्याय। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सिटी फोर लेन निर्माण मार्ग के किनारे अवैध रूप से रखी गई गुमटियों पर नपा का बुलडोजर चला,सागर मंथन जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान करीब 10 से 12 गुमटियों को हटाकर जप्त किया गया।जानकारी के अनुसार कलेक्टर कार्यालय से लेकर नवीन न्यायालय परिसर तक सड़क किनारे कई लोगों द्वारा गुमटियां रखकर अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा था। इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।नगर पालिका राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर ने सागर मंथन को बताया कि संबंधित स्थान पर लंबे समय से गुमटियां रखकर शासकीय भूमि पर कब्जा किया गया था,जिससे यातायात और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही थी।सोमवार को नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान गुमटियों को हटाकर जप्त किया गया और शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। साथ ही भविष्य में इस तरह के अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।इस अभियान में राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर के साथ हेमंत कलोशिया,महावीर जैन, संदीप चौहान, हेमंत सिसोदिया, चिरंजीव चांदना और योगेश टाकवाल सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।







