नीमच।महेंद्र उपाध्याय। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री जीण माता भक्त मंडल, नीमच द्वारा आयोजित मंगल पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन प्रति वर्ष की तरह इस बार भी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।कार्यक्रम के अंतर्गत जीण माता का अलौकिक दरबार सजाया गया,जिसमें आकर्षक सजावट और दिव्य ज्योत ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंगल पाठ के दौरान भावपूर्ण भजनों, नाम जप एवं कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महाआरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।आयोजन में 108 मनकों के नाम जप की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। भक्ति और आस्था से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाया।इस अवसर पर जीण माता भक्त मंडल के सदस्य पंकज गोयल, संजय खंडेलवाल, हरि वल्लभ मुच्छाल,श्रीकांत खंडेलवाल,सतीश गोयल, लक्ष्य गोयल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं महिला मंडल की ओर से रीना खंडेलवाल,हेमलता खंडेलवाल,ममता गोयल, उषा सराफ, राधा सिंह और रमा गोयल सहित अनेक महिलाओं ने भी भक्ति भाव से सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और सेवा भाव का सुंदर समन्वय देखने को मिला।इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती दी,बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी सशक्त करने का कार्य किया।







