नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। आगामी ईद-उल-फितर, नवरात्रि एवं रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नीमच पुलिस द्वारा शुक्रवार को पुलिस लाइन कनावटी में व्यापक स्तर पर बलवा परेड एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में जिले के कुल 156 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर दंगा नियंत्रण की तैयारियों को परखा।मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल ने संभावित बलवा (दंगे) की स्थिति से निपटने के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया। इसमें बलवाईयों को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज, टीयर गैस के गोले छोड़ना एवं फायरिंग जैसे कदमों का अभ्यास किया गया। ड्रिल के दौरान परिदृश्य को वास्तविक बनाने के लिए 5 बलवाईयों के घायल होने की स्थिति भी दर्शाई गई,जिससे जवानों की प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जा सके।इस बलवा परेड एवं मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस बल की तत्परता, समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में रणनीतिक निर्णय और बल प्रयोग के संतुलित उपयोग का प्रशिक्षण लिया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने मौके पर पहुंचकर ड्रिल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और लगातार ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के अधिकांश थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस बल उपस्थित रहे।नीमच पुलिस की इस बलवा परेड और मॉक ड्रिल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।







