Ads Slider

ईरान-इराक-अमेरिका युद्ध का असर: व्यावसायिक गैस सिलेंडर पर संकट, प्रशासन-होटल संचालकों की बैठक संपन्न, वैकल्पिक संसाधनों पर बनी सहमति

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान-इराक-अमेरिका युद्ध के कारण गैस आपूर्ति और आयात पर पड़े असर का प्रभाव अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट, हलवाई, कैटरिंग और मेरिज गार्डन संचालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए रविवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर बी.एल. कलेश की अध्यक्षता में जिला प्रशासन और होटल व्यवसायियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में होटल, रेस्टोरेंट, हलवाई, मेरिज गार्डन और कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े बड़ी संख्या में संचालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते एलपीजी गैस के आयात और आपूर्ति में बाधा आई है। युद्ध के कारण व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसके चलते फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई सीमित कर दी गई है।अधिकारियों ने व्यवसायियों को निर्देशित किया कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में न करें। इसके स्थान पर वैकल्पिक संसाधनों का उपयोग करते हुए अपने व्यवसाय को जारी रख सकते हैं। बैठक में कोयले की भट्टी, लकड़ी के चूल्हे, डीजल भट्टी और इंडक्शन जैसे विकल्पों के उपयोग पर चर्चा हुई, जिस पर होटल एवं कैटरिंग संचालकों ने सहमति जताई।होटल संचालक दीपेश राका और निखार गोयल ने सागर मंथन को बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से सभी होटल व्यवसायी परेशान हैं। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, ऐसे में गैस की कमी का सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा बैठक आयोजित करना सकारात्मक पहल है। प्रशासन द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक संसाधनों के उपयोग पर सभी व्यवसायियों ने सहमति जताई है और वे इस संकट की घड़ी में प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगे।होटल संचालकों ने कोयले और लकड़ी के चूल्हों के उपयोग से होने वाले संभावित प्रदूषण को लेकर चिंता जताई। इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वर्तमान आपात स्थिति को देखते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी।
एसडीएम संजीव साहू ने सागर मंथन को बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए होटल संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें वैकल्पिक संसाधनों के उपयोग की सलाह दी गई है और सभी व्यवसायियों ने इस पर सहमति भी दी है।बैठक में अपर कलेक्टर बी.एल. किलेश, एसडीएम संजीव साहू, आपूर्ति अधिकारी आर.एन. दिवाकर, खाद्य अधिकारी राजू सोलंकी, हेमंत शर्मा सहित बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग संचालक और व्यापारी उपस्थित रहे।

Share This Article