Ads Slider

गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन,ठेले पर टंकियां रख निकाली रैली

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से ठेले पर गैस सिलेंडर की टंकियां रखकर रैली निकाली और विजय टॉकीज चौराहे पर प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में गैस संकट की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, वहीं घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग की समय सीमा भी बढ़ाकर करीब 45 दिन तक पहुंचा दी गई है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि जिले के कई होटल और रेस्टोरेंट गैस की कमी के कारण बंद होने की कगार पर हैं। इससे वहां काम करने वाले मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है,लेकिन गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिलने से लोगों को सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में भी दिक्कतें आ रही हैं।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय टॉकीज चौराहे पर एक प्रतीकात्मक प्रयोग भी किया। कार्यकर्ताओं ने नाली से गैस उत्पन्न कर चाय बनाने का प्रयास किया, लेकिन चाय नहीं बन सकी। इस पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक भाषण में नाली से गैस बनाकर चाय बनाने की बात कही थी, इसलिए कांग्रेस ने इस प्रयोग को कर दिखाने का प्रयास किया, लेकिन यह संभव नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को भ्रमित कर रही है।कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि यदि केवल सर्वर की समस्या होती तो कमर्शियल सिलेंडर की बुकिंग भी प्रभावित होती, लेकिन उन्हें ही बंद कर दिया गया है, जिससे संदेह की स्थिति बन रही है।प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, बृजेश मित्तल, महेश वीरवार, गजेंद्र यादव, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article