Ads Slider

बुकिंग में तकनीकी समस्या से गैस आपूर्ति को लेकर भ्रम,किल्लत की अफवाहों के बीच उपभोक्ता परेशान — अधिकारियों ने किया गोदामों का निरीक्षण

Mahendra Upadhyay
4 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगी हैं। गैस टंकियों की कथित किल्लत की चर्चाओं से उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई है। वहीं गैस बुकिंग से जुड़ी वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर में तकनीकी समस्या आने के कारण कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सागर मंथन इसके चलते लोगों को लगने लगा कि जिले में गैस की कमी हो रही है।लगातार मिल रही शिकायतों और फैल रही अफवाहों को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। एडीएम बी.एल.कलेश,एसडीएम संजीव साहू और नायाब तहसील दार संजय मालवीय जिला आपूर्ति अधिकारीआर.एन.दिवाकर ने कनावटी स्थित सांवलिया गैस एजेंसी और महू रोड स्थित शुभका गैस गोदाम सहित अन्य एजेंसियों और भंडारण स्थलों पर पहुंचकर गैस के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की।निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने कई दिन पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। इस पर अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों से स्टॉक रजिस्टर, वितरण रिकॉर्ड और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध गैस सिलेंडरों की संख्या और वितरण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।गैस वितरण एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष जुल्फिकार बारूदवाला और श्याम गैस एजेंसी के संचालक श्याम नरेडी ने सागर मंथन को बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और स्टॉक भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।उन्होंने स्पष्ट किया कि बुकिंग वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर में तकनीकी कारणों से कुछ समय के लिए बाधा आ रही है,जिससे उपभोक्ताओं को बुकिंग में परेशानी हो रही है। इसी कारण कई लोगों को गैस की किल्लत होने का भ्रम हो रहा है, जबकि वास्तविकता में ऐसी कोई स्थिति नहीं है।उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई सीमित की गई है।हालांकि अस्पताल,स्कूल और अन्य आवश्यक सेवाओं को गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रखी जा रही है, ताकि जरूरी संस्थानों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।एडीएम बी.एल. कलेश ने सागर मंथम को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा किया गया यह एक सामान्य निरीक्षण है। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि जिले में गैस की आपूर्ति लगातार बनी रहे और किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान कहीं भी गैस की कमी नहीं पाई गई है और सभी एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध मिला है।उन्होंने बताया कि वर्तमान नियमों के अनुसार गैस बुकिंग के लगभग 25 दिन बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है। कुछ उपभोक्ताओं को जो परेशानी हो रही है, वह मुख्य रूप से तकनीकी समस्या के कारण है। इस समस्या को दूर कराने के लिए संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस की बुकिंग कराएं।

Share This Article