
नीमच।महेंद्र उपाध्याय।श्री सांवरिया भक्त मंडल के तत्वावधान में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत दो दिवसीय पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा 4 फरवरी को सुबह 8.30 बजे नीमच से प्रारंभ होकर सांवरिया सेठ धाम मंडफिया तक पहुंचेगी। पदयात्रा को अंतिम रूप देने एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर को श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में एक विशेष बैठक आयोजित की गई है। बैठक में यात्रा मार्ग, ठहराव, भोजन, जल सेवा, चिकित्सा सहायता एवं भजन संध्या सहित विभिन्न सेवाओं को लेकर चर्चा की गई। यात्रा के दौरान नीमच व निम्बाहेड़ा क्षेत्र में सेवा देने वाले सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।आयोजकों के अनुसार यह पदयात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगी, बल्कि आपसी सहयोग, सेवा और भक्ति भाव को भी सशक्त करेगी।यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।बैठक में प्रसिद्ध समाज सेवी अशोक अरोरो गंगानगर,गोपाल गर्ग जीजी,अंकित चौरसिया,मनीष जोशी,मोनू लोक्स,हरीश दुआ,सहित बड़ी संख्या में सदस्य और सेवादार मौजूद रहे।
विगत वर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री सांवरिया सेठ मंडफिया तक की पैदल यात्रा 4 फरवरी 2026 बुधवार को सुबह 8:30 बजे प्रारंभ होगी।नीमच से लगभग 90 किलोमीटर दूर पैदल चलकर मंडफिया धाम पर आस्था का सैलाब पहुंचेगा।सांवरिया भक्त मंडल द्वारा जोर शोर से पैदल यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस वर्ष सांवरिया सेठ की पैदल यात्रा इतिहास रचने जा रही है।
सांवरिया भक्त मंडल के अरुल अरोरा गंगानगर ने बताया कि इस पैदल यात्रा को दिव्य और भव्य रूप देने के प्रयास किए गए है। चिकित्सा सुविधाओं के लिए मेडिकल टीम साथ चलेगी। पूरी यात्रा के दौरान भजन कीर्तन गायन सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर बेहतरीन भजन गायकों को बुलाया गया है।जगह—जगह विभिन्न संगठन और समाजसेवियों द्वारा यात्रा का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा ।यात्रा से एक दिन पूर्व 3 फरवरी मंगलवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन रखा गया है जिसमें प्रख्यात भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी प्रस्तुति देंगे । यह भजन संध्या नीमच में लायंस पार्क चौराहा के यहां शाम 7:30 से आयोजित की जाएगी ।4 फरवरी 2026 को पदयात्रा नीमच से शुरू होगी, राजस्थान के निम्बाहेडा कृषि उपज मंडी परिसर में पैदल यात्रा का पडाव होगा, निम्बाहेडा में रात्रि विश्राम के दौरान आकर्षक भजन संध्या का आयोजन होगा। अगले दिन 5 फरवरी 2026 को अलसुबह पैदल यात्रा शुरू होगी,जो दोपहर तक मंडफिया धाम पहुंचेगी।जहा मंडफिया में भक्तों के भोजन के लिए विशाल भंडारा रखा गया है।भोजन प्रसादी के बाद यात्रा के समापन किया जाएगा।







