नीमच। महेंद्र उपाध्याय।नीमच कृषि उपज मंडी में चल रहे व्यापारी संघ के चुनाव इस बार केवल एक औपचारिक प्रक्रिया न रहकर लोकतंत्र का जीवंत उत्सव बनकर उभरे हैं। मंडी परिसर में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण ने चुनाव को विशेष बना दिया है। पूरी तरह लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत व्यापारी अपने अंतरात्मा की आवाज पर मतदान कर रहे हैं। मतदान केंद्रों पर पारदर्शिता,अनुशासन और आपसी सम्मान का माहौल देखने को मिल रहा है, जो नीमच मंडी की परिपक्व लोकतांत्रिक सोच को दर्शाता है।अध्यक्ष पद के दो प्रमुख दावेदार गोपाल जीजी और राकेश भारद्वाज भी चुनावी गरिमा को ऊंचा उठाते नजर आ रहे हैं। दोनों प्रत्याशी एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं और यह संदेश दे रहे हैं कि जीत-हार से ऊपर संगठन की एकता और लोकतंत्र सर्वोपरि है। मतदान के दौरान सामने आई तस्वीरें इस प्रक्रिया की विशिष्टता को बखूबी दर्शा रही हैं, जो साबित करती हैं कि नीमच मंडी में प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग और भाईचारे की परंपरा भी जीवित है।इसी बीच मंडी व्यापारी संघ चुनाव की गहमा-गहमी के दौरान एक वायरल फोटो ने राजनीतिक और चुनावी चर्चाओं को और तेज कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस तस्वीर में व्यापारी संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शैलेश गर्ग (जीजी) को क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार सिर पर हाथ रखकर विजयभव का आशीर्वाद देते दिखाई दे रहे हैं। फोटो के सामने आते ही चुनावी माहौल और गर्मा गया है। समर्थक इसे जीत का संकेत मान रहे हैं, वहीं विपक्षी खेमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वायरल फोटो ने चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है।बतादे की दोपहर 2.30 बजे तक लगभग 50 से 60 प्रतिशत मतदान हो चुका था। उल्लेखनीय है कि मंडी व्यापारी संघ चुनाव में कुल 1001 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 10 कार्यकारिणी सदस्यों और एक अध्यक्ष का चयन करेंगे। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है, जबकि शाम 6 बजे के बाद मतगणना शुरू की जाएगी। चुनाव परिणाम को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।







