Ads Slider

श्रद्धा से मनाया गया गुरु गोविंद सिंह जी का 360 वां प्रकाश पर्व , नीमच में निकला भव्य नगर कीर्तन,गतका प्रदर्शन बने आकर्षण का केंद्र,समाज सेवी आरुल अशोक अरोरा में किया भव्य स्वागत

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच।महेंद्र उपाध्याय। देशभर के साथ-साथ नीमच शहर में भी सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 360 वां प्रकाश पर्व गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा,उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सिख समाज द्वारा शहर में ऐतिहासिक नगर कीर्तन का आयोजन किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।सागर मंथन नगर कीर्तन से पूरे शहर का वातावरण शबद कीर्तन, गुरबाणी और “वाहेगुरु” के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।नगर कीर्तन की शुरुआत प्रातः गुरुद्वारा साहिब से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुँचा। इस दौरान संगत ने हाथों में निशान साहिब लेकर अनुशासन एवं मर्यादा के साथ नगर कीर्तन में सहभागिता की। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं समाज सेवियों द्वारा पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया गया तथा संगत के लिए शीतल जल, प्रसाद एवं लंगर की व्यवस्था की गई। नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण फौज-ए-खालसा पंजाब, वीर खालसा तरनतारन पंजाब सहित दो गतका पार्टियों द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज गतका प्रदर्शन रहा। सागर मंथन पारंपरिक शस्त्रों के साथ किए गए करतबों ने गुरु गोविंद सिंह जी के शौर्य, साहस और खालसा परंपरा का जीवंत संदेश दिया। वहीं फतेह बैंड भटिंडा द्वारा प्रस्तुत धार्मिक धुनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।नगर कीर्तन के दौरान समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) द्वारा भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने पुष्पवर्षा कर संगत का अभिनंदन किया और सेवा भाव से जलपान की व्यवस्था की, जिसकी आयोजकों व श्रद्धालुओं ने सराहना की।नीमच सिख समाज के अध्यक्ष हरभजन सिंह सलूजा ने सागर मंथन को बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में यह भव्य नगर कीर्तन पूरे शहर में निकाला गया है,जिसमें बाहर से आई गतका पार्टियों और बैंड द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जा रही हैं तथा सर्व समाज के लोगों ने सेवा में सहभागिता निभाई है। वहीं सिख समाज के सचिव सतपाल सिंह छाबड़ा ने सागर मंथन को बताया कि प्रकाश पर्व के आयोजन 18 दिसंबर से प्रभात फेरियों के साथ प्रारंभ हुए थे, जो 24 दिसंबर तक चले।गुरुवार को प्रातः श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की आरंभता के बाद नगर कीर्तन निकाला गया।नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर लायन्स पार्क जैन भवन रोड,टैगोर मार्ग, कमल चौक,फव्वारा चौक,बारादरी,नया बाजार,घंटाघर,तिलक मार्ग,पुस्तक बाजार, विजय टॉकीज चौराहा होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुँचा, जहाँ समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।इस दौरान मार्ग में विभिन्न संघठनो समाज जन ब्राह्मण समाज,कांगेस,व अन्य ने नगर कीर्तन का स्वागत किया।

Share This Article