नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।झंझारवाड़ा स्थित मालवा पेट्रो प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड (गट्टानी ब्रदर्स) फैक्ट्री में सोमवार सुबह मेंटेनेंस कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सागर मंथन अचानक हुए इस हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल नीमच लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया गया, जबकि दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल नीमच में जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में नियमित मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। सागर मंथन इसी दौरान किसी तकनीकी कारण या ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में चार मजदूर आ गए। हादसे में सभी मजदूर झुलस गए, जिनमें से दो की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।जिला अस्पताल नीमच में भर्ती घायलों में सोहेल पिता नाहर खान (उम्र 22 वर्ष), निवासी आमेट जिला राजसमंद (राजस्थान) तथा मिट्ठू लाल पिता जगदीश चंद्र (उम्र 21 वर्ष), निवासी ग्राम बलारा खेड़ा जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों में लालू पिता कन्हैया लाल (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम केलुखेड़ा तथा रिजवान पिता सलीम खान (उम्र 35 वर्ष), निवासी नीमच सिटी को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।







