नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। करणी सेना परिवार प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर के नेतृत्व में निकाली जा रही जन क्रांति न्याय यात्रा मंगलवार को नीमच पहुँची, जहाँ विभिन्न स्थानों पर यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह यात्रा अब तक प्रदेश के 30 से 32 जिलों में निकाली जा चुकी है और वर्तमान में अपने तीसरे चरण में है।जिले में प्रवेश के साथ ही बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। सागर मंथन दोपहर 1 बजे शेरपुर का काफिला नीमच पहुँचा, जहाँ उन्होंने सबसे पहले ग्वालटोली स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, स्वर्गीय खुमान सिंह शिवाजी, महर्षि वाल्मीकि और भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए टाउन हॉल में आयोजित विशाल जनसभा में पहुँचे।
सभा को संबोधित करते हुए शेरपुर ने सागर मंथन से कहा कि यह आंदोलन सिर्फ किसी एक समाज का नहीं बल्कि सर्व समाज के हक़ और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि करणी सेना परिवार की यह यात्रा 21 सूत्रीय मांगों पर आधारित है, जिसमें प्रमुख रूप से हरदा लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई,EWS सरलीकरण,आर्थिक आधार पर आरक्षण,SC/ST एक्ट के दुरुपयोग पर रोक,किसानों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों से जुड़े मुद्दों का समाधान जैसी महत्वपूर्ण माँगें शामिल हैं।शेरपुर ने सागर मंथन से कहा कि जिनकी वार्षिक आय 8 लाख से अधिक है, उन्हें आरक्षण से बाहर किया जाए और सभी वर्गों में “क्रीमी लेयर” की अवधारणा लागू हो। साथ ही उन्होंने सामान्य व पिछड़ा वर्ग की सुरक्षा के लिए SC/ST एक्ट की तर्ज पर नया कानून बनाने की भी माँग की।यात्रा के दौरान उन्होंने देवास और हरदा में दर्ज कथित झूठे प्रकरण वापस लेने, फसल नुकसान पर बेहतर मुआवजा, स्मार्ट मीटरों पर प्रतिबंध, बिजली बिलों में समायोजन, भर्ती प्रक्रिया में सुधार, बेरोजगारी भत्ता, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, गोशाला प्रबंधन में सुधार, सैनिकों को 10% आरक्षण और मीडिया कर्मियों के संरक्षण जैसी कई आवश्यक और जनहितकारी मांगें भी रखीं।शेरपुर ने लोगों से आगामी 21 दिसंबर को हरदा में आयोजित होने वाले विशाल जन क्रांति न्याय आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर सर्व समाज की ताकत प्रदर्शित करने की अपील की।यात्रा के नीमच में प्रवेश से लेकर टाउन हॉल तक सड़कों पर लोगों का उत्साह साफ दिखाई दिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, स्वागत मंच और नारेबाजी के बीच यह काफिला जन समर्थन के साथ आगे बढ़ता रहा।वहीं बड़ी संख्या में लोगों ने करणी सेना की 21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
जन क्रांति न्याय यात्रा पहुँची नीमच,जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत,21 सूत्रीय मांगों के समर्थन में तीसरे चरण की यात्रा, 21 दिसंबर को हरदा में महाआंदोलन







