Ads Slider

महिला शक्ति की जुगलबंदी से चमक रहा नीमच: नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ दुर्गा बामनिया ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ से स्वच्छता में रच रहीं नई कहानी”

Mahendra Upadhyay
4 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। स्वच्छता रैंकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके नीमच शहर को अब और ऊंचाई दिलाने के लिए नगरपालिका की महिला नेतृत्व टीम पूरी मजबूती से जुट गई है। “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” मॉडल को केंद्र में रखकर शहर में सौंदर्यीकरण और स्वच्छता का नया दौर शुरू हो चुका है। नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया की जुगलबंदी ने न सिर्फ नगर निगम टीम में नई ऊर्जा भरी है, बल्कि यह साबित भी किया है कि दृढ़ निश्चय और रचनात्मक सोच के साथ महिला शक्ति किसी भी क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव ला सकती है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता की चेतना को नई दिशा दी। इसी प्रेरणा से अब स्थानीय निकाय भी नवाचारों को बढ़ावा दे रहे हैं। पिछले वर्ष राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की स्वच्छता रैंकिंग में उल्लेखनीय बढ़त हासिल कर चुके नीमच का लक्ष्य अब और बेहतर अंक अर्जित करना है,विशेषकर ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ कैटेगरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन का है। इसी के लिए नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ दुर्गा बामनिया ने मिलकर कई रचनात्मक प्रयासों की शुरुआत की है।नगरपालिका सीएमओ बंगले के सामने पुराने कबाड़ से तैयार किया गया भारत का खूबसूरत नक्शा इन नवाचारों का प्रमुख आकर्षण है। यह नक्शा न सिर्फ कला, बल्कि ‘‘कचरे से कंचन’’ बनाने की सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण भी है। इसके साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड को कबाड़, बेकार पड़ी सामग्री और लोहे के अवशेषों से सजाकर एक नए स्वरूप में पेश किया गया है। वहीं पुराने ड्रमों को आकर्षक गमलों में बदलकर बड़े पौधे लगाए गए हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पुरजोर तरीके से उभरकर सामने आ रहा है।नगरपालिका परिसर की बाउंड्री पर ‘NMC’ का भव्य स्ट्रक्चर भी तैयार किया जा रहा है, जो पूरे तौर पर ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ पर आधारित होगा। इसे रात में सुंदर लाइटिंग से रोशन किया जाएगा। यहां ‘NMC’ का विस्तृत रूप — नीमच म्यूनिसिपल काउंसिल — भी अंकित किया जाएगा।इन पहलों में सबसे बड़ी बात यह है कि नगर के इन दोनों शीर्ष महिला अधिकारियों का नेतृत्व नगरवासियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। उनका जज्बा, कार्यशैली और स्वच्छता को लेकर समर्पण साफ तौर पर दर्शाता है कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और इरादा मजबूत, तो संसाधन सीमित होने पर भी बड़े परिवर्तन संभव हैं।हालांकि स्वच्छता सिर्फ सौंदर्यीकरण से पूरी नहीं होती, इसलिए नियमित सफाई, कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को भी उतना ही मजबूत करना होगा। यदि यह प्रयास इसी गति और जज्बे से जारी रहे, तो आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में नीमच निश्चित ही नई उड़ान भरता दिखाई देगा।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा ने बताया कि स्वच्छता रैकिंग में बढ़ोतरी के लिए वेस्ट आफ बेस्ट की भी जरूरत रहती है उसके भी अंक स्वच्छता रैकिंग में जुड़ते हैं जिसको लेकर हम लोग अब नीमच में वेस्ट ऑफ बेस्ट को लेकर भी काम कर रहे हैं ताकि नीमच और सुंदर दिख सके।

Share This Article