Ads Slider

दुलाखेड़ा फोर लेन के समीप सीनियर सिटीजन की जमीन पर धानुका सोया के अवैध कब्जे का आरोप,जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम सौंपा आवेदन

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। (महेन्द्र उपाध्याय) नीमच जिले के दुलाखेड़ा (जमुनिया खुर्द) फोर लाइन क्षेत्र में जमीन विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। दो वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और अनियमित निर्माण के गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थीगण उषा लोढ़ा एवं छाया लोढ़ा के प्रतिनिधि ने कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मशहूर उद्योगपति एवं भामाशाह धानुका सोया के मालिक पर उनकी जमीन में बाउंड्रीवॉल बनाकर कब्जा करने का आरोप लगाया है।ज्ञापन में बताया गया कि उनका खसरा नंबर 15/1/1, हल्का नंबर 12, रकबा 0.15 हे. (लगभग 17,000 वर्गफीट) में बराबरी का स्वामित्व दर्ज है, लेकिन शासकीय रिकॉर्ड में रकबा 0.17 हे. दर्शाया जा रहा है। प्रार्थियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा इसे आवासीय भूमि बताया जाने के बाद कुछ लोगों ने मौके का फायदा उठाकर जबरन कब्जे की कोशिश की है,जबकि कब्जाधारियों के पास रजिस्ट्री अन्य स्थानों की
है फिर भी वे इस खसरे पर हक बता रहे हैं।प्रार्थियों ने आरोप लगाया कि पास ही कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना नक्शे, बिना अनुमति व बिना सीमांकन के निर्माण कार्य कर लिया गया है। हाल ही में खसरा नंबर 16 में धानुका सोया के नाम हुई रजिस्ट्री में भी चतुर्सीमा व सीमांकन की जांच कराने की मांग की गई है। उन्हाेंने बताया कि विवादित खसरा 15/1/1 के कुछ हिस्से पर बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी गई है, जो पूरी तरह अवैध निर्माण है और इससे उनके स्वामित्व अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।वरिष्ठ नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने, अवैध निर्माण को रोकने, उनकी भूमि का सीमांकन करवाने तथा कब्जे के प्रयासों को रोकने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों में कई बार आवेदन देने के बावजूद आज तक उन्हें कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ, जिसके कारण मजबूर होकर वे जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आए हैं।पीड़ित ने कहा कि वे सीनियर सिटीजन हैं, इसलिए प्रशासन उनकी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर न्याय दिलाए। ज्ञापन के साथ उन्होंने पूर्व में दिए गए आवेदनों की प्रतियां भी संलग्न की हैं।

Share This Article