Ads Slider

वन अधिकार पट्टों की माँग,रामपुरिया ग्रामवासियों ने सोपा ज्ञापन,दी आंदोलन व जाम की चेतावानी

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच।महेंद्र उपाध्याय।ग्राम रामपुरिया,ग्राम पंचायत कोज्या,तहसील सिंगोली के ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर वन परिक्षेत्र 215 की खाली पड़ी भूमि पर वन अधिकार कानून के तहत कृषि हेतु पट्टे देने की माँग की। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास आजीविका चलाने के लिए कोई निजी जमीन नहीं है और वे बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 30-35 वर्ष पूर्व वे इस भूमि पर खेती करते थे, लेकिन संसाधनों के अभाव में उन्हें खेती छोड़नी पड़ी। वर्तमान में वे पुनः खेती करना चाहते हैं, किंतु वन विभाग के अधिकारी उन्हें रोक रहे हैं और कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में जब वन अधिकार पट्टों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे, तो जानकारी के अभाव में वे आवेदन नहीं कर पाए। अब पुनः आवेदन प्रक्रिया शुरू कर उन्हें भूमि आवंटित की जाए।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि खेती-बाड़ी और रहने के लिए उनके पास कोई जमीन नहीं है। मजदूरी और अन्य काम न मिलने से पूरा गाँव बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में यदि उन्हें भूमि आवंटन नहीं मिला तो उनके जीवनयापन का संकट और गहरा जाएगा।ग्रामीणों ने कलेक्टर से माँग की है कि वन परिक्षेत्र 215 की खाली भूमि पर उन्हें वन अधिकार कानून के तहत पट्टे प्रदान किए जाएँ, ताकि वे कृषि कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी माँग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे और सिंगोली क्षेत्र में चक्काजाम भी करेंगे।ज्ञापन समस्त ग्रामवासी रामपुरिया द्वारा कलेक्टर कार्यालय में प्रतिनिधि को सौंपा गया। ग्रामीणों ने कहा कि यह उनका हक है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे संघर्ष जारी रखेंगे।

Share This Article