नीमच।महेंद्र उपाध्याय।आगामी 25 अगस्त को जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की साधारण सभा आयोजित की जाएगी। इसी बैठक में प्रबंधन समिति का गठन किया जाएगा और चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, कोषाध्यक्ष व राज्य स्तरीय प्रतिनिधि का चुनाव संपन्न होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को एसडीएम संजीव साहू, जिन्हें कलेक्टर द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, ने रेडक्रॉस भवन पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सहायक प्रशासक मयूरी जोक, नायाब तहसीलदार संजय मालवीय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।एसडीएम साहू ने सागर मंथन को बताया कि साधारण सभा के साथ ही चुनाव प्रक्रिया भी उसी दिन सम्पन्न की जाएगी। रेडक्रॉस के लगभग 2800 से अधिक आजीवन सदस्य सूचीबद्ध हैं। चुनाव में भाग लेने के लिए इन्हीं सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने अपील की है कि सभी सदस्य अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाएं।उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को साधारण सभा का आयोजन होगा और उसी में प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों का चुनाव किया जाएगा। चुनाव के बाद समिति चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, कोषाध्यक्ष और राज्य स्तरीय प्रतिनिधि का चयन करेगी।
*चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल*
हालांकि,इस चुनाव को लेकर सदस्यों ने सवाल खड़े किए है रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य भगत वर्मा ने सागर मंथन को बताया कि नियमों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की घोषणा कम से कम एक माह पहले होनी चाहिए। मतदाता सूची का प्रकाशन 30 दिन पूर्व और मतदान की तारीख कम से कम 15 दिन पहले तय होनी चाहिए। इसके अलावा नामांकन दाखिल करने की तिथि भी पहले से घोषित होनी चाहिए।वर्मा ने आरोप लगाया कि 31 जुलाई को अंतिम सूचना जारी कर 1 अगस्त को सदस्य सूची जारी कर दी गई, जिसमें केवल 22 नाम शामिल हैं,जबकि वास्तविक सदस्य संख्या 2000 से अधिक है। ऐसे में यदि कोई सदस्य चेयरमैन पद का चुनाव लड़ना चाहता है तो उसे एक ही दिन में कैसे सभी से संपर्क साधने का अवसर मिलेगा?उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह गलत करार देते हुए कहा कि साधारण सभा में केवल चुनाव की रूपरेखा तय की जानी चाहिए, न कि उसी दिन मतदान कराया जाए।
*पारदर्शिता पर जोर*
रेडकॉस चुनाव को लेकर एक ओर प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर कई सदस्य प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि 25 अगस्त को प्रस्तावित साधारण सभा और चुनाव किस रूप में सम्पन्न होते हैं और क्या इस पर उठे सवालों का समाधान मिल पाता है।







