नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।कैंट थाना क्षेत्र की स्कीम नंबर 36-ए में एक दर्दनाक और अमानवीय घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। 15 जुलाई 2025 को दोपहर लगभग 3:03 बजे स्कीम 36-ए के मकान नंबर 255 पर निवासरत व्यक्ति द्वारा एक निर्दोष श्वान को बंदूक से गोली मारकर निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया गया। यह पूरा घटनाक्रम पास ही स्थित मकान नंबर 251 पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।श्वान की देखभाल कर रहे स्थानीय निवासी मनीष शर्मा ने बताया कि वह प्रतिदिन उस श्वान को भोजन और पानी उपलब्ध कराते थे। घटना की जानकारी मिलते ही मनीष शर्मा ने पशु प्रेमियों पार्थ जोशी, मितेश अहीर, पीयूष शर्मा और अन्य सहयोगियों को सूचित किया। सभी लोग तत्काल पहले घटनास्थल फिर ट्रंचिंग ग्राउंड पर पहुंचे, जहां मृत श्वान को पोस्टमार्टम हेतु पशु चिकित्सालय ले जाया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पशु सेवा दल, गौ सेवा संगठन और क्षेत्रीय नागरिकों ने कैंट थाना पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि यह कृत्य न केवल पशु क्रूरता है, बल्कि यह भारतीय दंड संहिता (धारा 429), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 (धारा 11) और आर्म्स एक्ट 1959 (धारा 25, 27, 30) का सीधा उल्लंघन है शिकायतकर्ताओं ने आग्रह किया है कि आरोपी के खिलाफ शीघ्र प्राथमिकी दर्ज की जाए ताकि समाज में ऐसे नृशंस व्यवहार पर लगाम लगाई जा सके। इस दौरान कृष्ण चौहान, उद्धव चौहान, नवीन त्रिवेदी, ऋतिक महेश, दुर्गा शंकर सहित कई अन्य पशुसेवक भी मौजूद रहे और आरोपी के विरुद्ध सख्त पुलिस कार्रवाई की माँग की गई।अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर और भावनात्मक मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है। शहर के जागरूक नागरिकों और पशु प्रेमियों ने इसे न्याय की लड़ाई करार देते हुए दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।







